Search

Jamshedpur News : करंट लगने से मजदूर की मौत, मुआवजे को लेकर परिजन पहुंचे थाना

Jamshedpur : आजादनगर थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से 22 वर्षीय मजदूर रवि माझी की मौत हो गई. यह घटना ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी की है, जहां रवि निर्माणाधीन भवन में काम कर रहा था. काम के दौरान वह अचानक बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए.

 

घटना के बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जंहा डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. रवि माझी सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के बालीडीह गांव का निवासी था. वह कपाली गौस नगर निवासी एक ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता था और उसी के माध्यम से निर्माण स्थल पर काम कर रहा था.

 

हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी देखने को मिला. परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार ने शुरुआत में इलाज के लिए केवल 13,500 रुपये दिए और आगे हर संभव मदद का भरोसा दिलाया था. 

 

हालांकि बाद में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे उससे संपर्क नहीं हो सका.ठेकेदार से संपर्क टूटने के बाद ग्रामीणों ने गांव में बैठक कर आगे की रणनीति बनाई. इसके बाद देर रात मृतक के परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाना पहुंचे और संबंधित ठेकेदार तथा मकान मालिक से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की. उनका कहना है कि परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से घर पर आर्थिक संकट गहरा गया है, इसलिए पीड़ित परिवार को उचित सहायता मिलनी चाहिए.

 

पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद वे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए. फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//