Jamshedpur News : जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र में पुलिस ने गांजा की तस्करी का खुलासा किया है. पुलिस ने 1.428 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. उसके पास से देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस व 10,435 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. साथ ही गांजा की पुड़िया तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, माचिस, दो मोमबत्तियां व 62 प्लास्टिक पाउच भी मिले हैं.
इसे भी पढ़ें
यह कार्रवाई एसएसपी को मंगलवार की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई. सूचना मिली थी कि बागबेड़ा रनिंग रूम के पास लक्ष्मी मेडिकल के आसपास एक युवक गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा है. इसके बाद सिटी एसपी के निर्देश पर डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
टीम ने इलाके की घेराबंदी कर गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा को पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. साथ ही 1.428 किलो गांजा और 10,435 रुपये नकद जब्त किये गये. पुलिस के अनुसार, गुप्तेश्वर गिरी का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ परसुडीह, बागबेड़ा, टेल्को और बर्मामाइंस थानों में कई मामले दर्ज हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

