Search

 
 
 

Jamshedpur News : OLX पर बाइक खरीदने गया युवक, वहां मिली अपनी ही चोरी हुई मोटरसाइकिल

साकची थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक अपनी चोरी हुई बाइक की तलाश करते-करते OLX के जरिए उसी बाइक तक पहुंच गया.
 

Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक अपनी चोरी हुई बाइक की तलाश करते-करते OLX के जरिए उसी बाइक तक पहुंच गया. मामला टाटा स्टील कर्मचारी रजनीकांत मिश्रा से जुड़ा है, जिनकी पैशन प्रो बाइक 13 मई को करीम सिटी कॉलेज के पास से चोरी हो गई थी.

 

बताया गया कि रजनीकांत मिश्रा ड्यूटी पर गए थे. वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी बाइक गायब है. इसके बाद उन्होंने साकची थाना में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें एक युवक बाइक लेकर भागते हुए दिखाई दिया. हालांकि कई दिनों तक पुलिस और बाइक मालिक को कोई ठोस सुराग नहीं मिला.

 

इसी दौरान रजनीकांत मिश्रा OLX पर सेकंड हैंड बाइक देख रहे थे. तभी उनकी बातचीत एक व्यक्ति से हुई, जिसने बाइक दिखाने के लिए उन्हें चेपापुल स्थित सोया ऑटो बुलाया. जब रजनीकांत वहां पहुंचे तो उनकी नजर एक पैशन प्रो बाइक पर पड़ी. बाइक को देखते ही उन्हें शक हुआ और जांच करने पर पता चला कि वह उनकी ही चोरी हुई मोटरसाइकिल है.

 

चोरों ने बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसका नंबर प्लेट बदल दिया था. इतना ही नहीं, चेसिस नंबर को भी घिसने की कोशिश की गई थी, ताकि बाइक की पहचान न हो सके. इसके बावजूद रजनीकांत ने अपनी बाइक पहचान ली और तुरंत इसकी सूचना साकची थाना पुलिस को दी.

 

सूचना मिलने के बाद आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइक का नंबर बदलकर उसे दोबारा कैसे चलाया जा रहा था और इसमें किन लोगों की भूमिका है.

 

इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. आखिर चोरी की बाइक का फर्जी तरीके से नया रजिस्ट्रेशन कैसे हुआ  क्या इस पूरे खेल में केवल वाहन चोर शामिल हैं या फिर किसी बड़े गिरोह और अन्य लोगों की भी मिलीभगत है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

 

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही