Search

 
 
 

Jamshedpur News : SSP कार्यालय के पास युवक ने की फायरिंग

क्षेत्र में शुक्रवार रात फायरिंग की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एसएसपी कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित जुबिली रोड में एक युवक ने खुलेआम गोली चला दी और मौके से फरार हो गया.
 

Jamshedpur : क्षेत्र में शुक्रवार रात फायरिंग की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एसएसपी कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित जुबिली रोड में एक युवक ने खुलेआम गोली चला दी और मौके से फरार हो गया.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 9:20 बजे अभिषेक जुबिली नामक दुकान के समीप लोगों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी. इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और अचानक हथियार निकालकर फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

 

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने भीड़ के बीच हवा में फायरिंग की और इसके बाद आराम से सड़क पार कर पहले से खड़ी एक गाड़ी में बैठकर फरार हो गया.

 

घटना के समय आसपास की दुकानों और चाय स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. गोलीबारी के बाद स्थानीय दुकानदारों ने भय के कारण अपनी दुकानें बंद कर दीं. पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. फुटेज में आरोपी युवक की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं.

 

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसकी गाड़ी का पता लगाने में जुटी हुई है. हालांकि फायरिंग के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.एसएसपी कार्यालय और साकची थाना के नजदीक हुई इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है. लोगों का कहना है कि जब पुलिस मुख्यालय के आसपास अपराधी बेखौफ होकर फायरिंग कर सकते हैं, तो आम इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही