Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के वोल्टास गोलचक्कर के पास शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. तेज रफ्तार से जा रहा 22 चक्का ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर बिष्टुपुर की ओर जा रहा था. वोल्टास गोलचक्कर के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सीधे डिवाइडर से टकरा गया. हादसे के बाद चालक ट्रेलर के केबिन में फंस गया था. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक को केबिन से बाहर निकाला गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था. हालांकि पुलिस का कहना है कि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे. लोगों का कहना है कि यदि ट्रेलर डिवाइडर से नहीं टकराता तो कई वाहन उसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था. राहत की बात यह रही कि चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ.सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाकर यातायात को सामान्य कराया. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

