Ranchi : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दावा किया है कि रिम्स के पूर्व निदेशक डॉ. राजकुमार के इस्तीफे की मुख्य वजह मेडॉल और हेल्थ मैप के बकाया भुगतान को लेकर स्वास्थ्य विभाग से विवाद था. उन्होंने कहा कि डॉ. राजकुमार ने इन दोनों एजेंसियों के बकाया बिल का भुगतान करने से इनकार कर दिया था.
इसे भी पढ़ें...
सरयू राय ने कहा कि इससे पहले पूर्व निदेशक डॉ. कामेश्वर प्रसाद ने भी करीब 100 करोड़ रुपये के बिल पर सवाल उठाते हुए भुगतान करने से मना कर दिया था. उनका कहना था कि बिल में बड़ी राशि फर्जीवाड़े से जुड़ी है.
सरयू राय के अनुसार, डॉ. राजकुमार का कहना था कि मेडॉल और हेल्थ मैप की नियुक्ति स्वास्थ्य विभाग ने की थी. इसलिए अगर कोई बकाया है तो उसका भुगतान भी विभाग करे या लिखित आदेश देकर रिम्स को राशि उपलब्ध कराए. लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसके लिए तैयार नहीं हुआ. इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और आखिरकार डॉ. राजकुमार ने इस्तीफा दे दिया.
उन्होंने आरोप लगाया कि फिलहाल मेडॉल और हेल्थ मैप पर रिम्स का करीब 38 करोड़ रुपये बकाया है, जबकि दोनों एजेंसियां जांच कार्य के बदले करीब 15 करोड़ रुपये की मांग कर रही हैं. उन्होंने कहा कि सरकार करीब 53 करोड़ रुपये की देनदारी रिम्स पर डालना चाहती है.
सरयू राय ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि मेडॉल और हेल्थ मैप की नियुक्ति किन परिस्थितियों में हुई, उनके बिलों का भुगतान रिम्स से कराने की कोशिश क्यों की गई और शासी निकाय की बैठक किए बिना सदस्यों के हस्ताक्षर बाहर से क्यों लिए गए, इसकी जांच होनी चाहिए.
उन्होंने मुख्यमंत्री से रिम्स के पूर्व निदेशकों डॉ. डी.के. सिंह, डॉ. कामेश्वर प्रसाद और डॉ. राजकुमार के कार्यकाल से जुड़े मामलों और तत्कालीन स्वास्थ्य विभाग की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment