Jamshedpur News : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में आबिद हुसैन पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशीडीह निवासी असमुलु और साकची निवासी दशरथ शुक्ला के रूप में हुई है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर फायरिंग की वजह और घटना में उनकी भूमिका का पता लगा रही है.
इसे भी पढ़ें
बताया जाता है कि गुरुवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बाराद्वारी देवनगर आश्रम के पास आबिद हुसैन की साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू से विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने के बाद वहां भीड़ जुट गयी और उसके साथ मारपीट की गयी. इसके बाद राजा ने अपने दोस्तों को फोन कर मदद मांगी और किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा.
राजा के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे वह घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था. इसी दौरान सफेद स्कूटी से इस्मायलु और कोदू वहां पहुंचे और चार से पांच फायरिंग की. बांह में दो गोली लगते ही आबिद हुसैन जमीन पर गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी सफेद रंग की स्कूटी से एमजीएम अस्पताल मोड़ की ओर फरार हो गये.
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आबिद हुसैन को जमीन पर पड़ा देखा. इसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे भी बरामद किए हैं.
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि दशरथ शुक्ला ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार उपलब्ध कराया था. हालांकि पुलिस इस जानकारी की पुष्टि के लिए आगे जांच कर रही है.
पुलिस हथियार की बरामदगी के साथ ही फायरिंग करने वाले युवक की भूमिका और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे कार्रवाई की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

