Jamtara : जिले के नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत पलास्थली में अवैध कोयला माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. ईसीएल (ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) अधिकारियों और नाला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 10 टन अवैध कोयला जब्त किया है.
साथ ही अवैध कोयले की ढुलाई में इस्तेमाल हो रही 11 साइकिल और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. सभी जब्त सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईसीएल और पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि पलास्थली इलाके में अवैध कोयले का खनन, भंडारण और परिवहन हो रहा है. शिकायतों के आधार पर गठित विशेष टीम ने दबिश दी.
हालांकि टीम के पहुंचते ही अवैध कारोबार में संलिप्त लोग अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. लेकिन छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 टन अवैध कोयला, 11 साइकिल और एक बाइक जब्त की.
नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
इस मामले में नाला थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ कांड संख्या 23/26 दर्ज किया गया है और मामले की जांच चल रही है. इस संयुक्त अभियान में ईसीएल के अधिकारी, थाना प्रभारी विकास कुमार यादव, एसआई हेमकांत ठाकुर, एएसआई संजय गहलोत समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment