Jamtara News : जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से पांच मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड और एक बाइक बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों में नारायणपुर थाना क्षेत्र का भीम मंडल व कुरबान अंसारी तथा करमाटांड़ का मो. मोजाहिद अंसारी शामिल है.
इसे भी पढ़ें
यह कार्रवाई जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई. साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित पुलिस की टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया.
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को बिल अपडेट करने के नाम पर उनके मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाते थे. इसके अलावा, विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद कराने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. APK फाइल इंस्टॉल करवाने के बाद वे लोगों के क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर उनके खाते पैसे उड़ा लेते थे. पुलिस ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है. गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है.
भीम मंडल के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 49/24 और नारायणपुर थाना कांड संख्या 62/15 के तहत पहले से मामले दर्ज हैं. वहीं, मो. जावेद अंसारी के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 58/19 और कुरबान अंसारी के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 28/23 दर्ज है. छापेमारी में साइबर प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अधिकारी अमित खिवारी सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

