Jamtara News : जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने मंगलवार को जेएसएलपीएस की ऑनलाइन समीक्षा बैठक की. इसमें प्रखंडवार लखपति दीदी की पहचान और पोर्टल पर उपलब्धियों की एंट्री की समीक्षा हुई. तीन प्रखंडों में डिजिटल आजीविका रजिस्टर पोर्टल पर दीदियों की एंट्री में लापरवाही सामने आई. जामताड़ा सदर, फतेहपुर व करमाटांड़ प्रखंड में कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया. इस पर डीसी ने वहां के कार्यक्रम प्रबंधकों (बीपीएम) का मानदेय रोकने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें
डीसी ने सभी बीपीएम को निर्देश दिया कि लखपति दीदी से जुड़ी आजीविका गतिविधियों और उपलब्धियों की पोर्टल पर शत-प्रतिशत व समयबद्ध एंट्री सुनिश्चित करें. अगले 2-3 दिनों में विशेष अभियान चलाकर लंबित कार्यों को पूरा करें.
बैठक में ग्रामीण परिवारों को कृषि, पशुपालन, उद्यमिता और गैर-कृषि गतिविधियों से जोड़कर महिलाओं की आय बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई. मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा, जेएसएलपीएस डीपीएम राहुल रंजन, सभी बीपीएम, सामुदायिक समन्वयक, जिला प्रबंधक समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मी ऑनलाइन मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

