Search

 
 
 

Jamtara News : रसूख के दम पर सड़क पर कब्जे की कोशिश, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

जामताड़ा शहर के सबसे व्यस्त टावर चौक से गर्ल्स स्कूल होते हुए न्यूटन टाउन जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक रसूखदार व्यवसायी ने रात के अंधेरे में इतनी मिट्टी डलवा दी कि सुबह लोगों को सड़क कम और नया प्लॉट ज्यादा दिखाई दिया.
 
जामताड़ा जिले की खबरें

Jamtara : जामताड़ा में अब सड़कें भी रातों-रात निजी संपत्ति घोषित होने लगी हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि इसके लिए कोई सरकारी अधिसूचना नहीं, बल्कि करीब 70–80 ट्रैक्टर मिट्टी ही काफी समझी गई. शहर के सबसे व्यस्त टावर चौक से गर्ल्स स्कूल होते हुए न्यूटन टाउन जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक रसूखदार व्यवसायी ने रात के अंधेरे में इतनी मिट्टी डलवा दी कि सुबह लोगों को सड़क कम और नया प्लॉट ज्यादा दिखाई दिया.

 

Uploaded Image

सड़क पर मिट्टी डालकर अवैध कब्जा की कोशिश.


सुबह जब राहगीरों व स्थानीय लोगों की नजर इस 'रातों-रात विकास योजना' पर पड़ी तो हड़कंप मच गया. स्कूली छात्राओं, आम लोगों व वाहन चालकों के लिए रास्ता पूरी तरह बाधित हो चुका था. लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी. जिला प्रशासन भी बिना देर किए हरकत में आ गया.

 


सीओ अवेश्वर मुर्मू, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेल व थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जेसीबी मशीनें मंगाई गईं और कई घंटों की मशक्कत के बाद सड़क को मिट्टी के कब्जे से मुक्त कराया गया. आम लोगों के लिए आवागमन फिर से बहाल हो गया.
नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेल ने बताया कि शिकायत मिली थी कि 'मोहनी स्टोर्स' के संचालक द्वारा मुख्य सड़क पर अवैध रूप से मिट्टी गिराकर रास्ता बंद कर दिया गया है. सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने के मामले में उक्त व्यवसायी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन समय पर नहीं पहुंचता तो शायद कुछ दिनों बाद उस सड़क पर निजी संपत्ति का बोर्ड लग जाता. स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही