Jamtara News : जामताड़ा के खरनी गांव में डीपीटी की दूसरी डोज (बूस्टर डोज) देने के बाद 5 साल के बच्चे की तबीयत बिगड़ गई. धनबाद में इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान खरनी गांव निवासी भुवनेश्वर सिंह के पुत्र आयुष सिंह के रूप में हुई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ें
परिजनों के अनुसार, गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में 19 सितंबर को एएनएम ने आयुष को डीपीटी की दूसरी डोज दी थी. टीका लगने के बाद बच्चे की तबीयत खराब होने लगी. शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य बुखार समझकर गंभीरता से नहीं लिया. मंगलवार रात अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने पर बुधवार की सुबह उसे नारायणपुर सीएचसी ले जाया गया.
सीएचसी में चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. परिजन उसे इलाज के लिए धनबाद ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
नारायणपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे को पहले से निमोनिया की शिकायत थी. उसे बूस्टर डोज दी गई थी. सामान्य तौर पर इससे कोई समस्या नहीं होनी चाहिए थी. पहले से निमोनिया होने के कारण संभवतः बच्चा बीमारी से उबर नहीं पाया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

