- एक मोबाइल व पांच सिम बरामद
Jamtara News : साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना व करमाटांड़ थाना की संयुक्त टीम ने थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया. टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सकलपुर से बरमुण्डी जाने वाले रास्ते में भेलाटांड़ स्थित पोखर के पास ट्रांसफॉर्मर पोल के समीप बांस झुंड में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने एक साइबर अपराधी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाताब अंसारी (27 वर्ष), पिता स्वर्गीय मुख्तार अंसारी, ग्राम बरमुण्डी, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है.पुलिस के अनुसार, आरोपी का साइबर ठगी करने का तरीका भी सामने आया है.
वह लोगों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का क्रेडिट कार्ड बंद होने तथा नया क्रेडिट कार्ड लेने के नाम पर झांसे में लेता था. इसके बाद लोगों के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनके क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करता था. पुलिस के मुताबिक आरोपी का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था.
मामले को लेकर साइबर अपराध थाना कांड संख्या 55/26 के तहत बीएनएस 2023, आईटी एक्ट व टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना के थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता तथा पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग या किसी भी वित्तीय सेवा के नाम पर मोबाइल में अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें और अपनी बैंकिंग एवं कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें.

