Jamtara News : जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक की. बैठक में अवैध खनन, परिवहन व भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए. डीसी ने नाला प्रखंड के कास्ता में बंद खनन पट्टों की माइन क्लोजर रिपोर्ट देने में ईसीएल पांडेश्वर एरिया प्रबंधन की देरी पर नाराजगी जताई. कहा कि लगातार निर्देश के बावजूद रिपोर्ट में टालमटोल चिंताजनक है. अवैध खनन से राजस्व हानि के साथ जान-माल के नुकसान की आशंका रहती है. कोई अप्रिय घटना होने पर ईसीएल व सीआईएसएफ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी.
इसे भी पढ़ें
डीसी ने ईसीएल की चितरा कोलियरी से जामताड़ा साइडिंग तक कोयला ढुलाई करने वाले वाहनों की जीपीएस टैगिंग कर नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. बताया गया कि पिछले माह चार वाहन संदिग्ध रूप से रास्ते में खड़े मिले, जिन पर कार्रवाई हुई. अनफिट डंपर और बिना तिरपाल ढके वाहनों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
डीसी ने कहा कि एनजीटी गाइडलाइन के तहत 15 अक्टूबर तक कैटेगरी-1 और 2 की नदियों से बालू उठाव पर पूर्णतः रोक रहेगी. उन्होंने सभी सीओ व थाना प्रभारियों को नियमित छापेमारी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में लघु खनिज के 55 मामलों में 60 वाहन जब्त कर 30.45 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

