Search

 
 
 

Jamtara News : डीसी ने फतेहपुर प्रखंड कार्यालय, स्कूल व अस्पताल का किया निरीक्षण

डीसी आलोक कुमार ने शनिवार को फतेहपुर प्रखंड का दौरा किया. उन्होंने प्रखंड कार्यालय समेत विभिन्न सरकारी संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. जेएसएफसीआई गोदाम फतेहपुर पहुंचकर खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था की जांच की.
 
प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण करते डीसी आलोक कुमार.

Jamtara : जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने शनिवार को फतेहपुर प्रखंड का दौरा किया. उन्होंने प्रखंड कार्यालय समेत विभिन्न सरकारी संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने जेएसएफसीआई गोदाम, पीएचसी फतेहपुर, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय ल पालाजोरी पंचायत का निरीक्षण कर अधिकारियों को अहम निर्देश दिए.

 

प्रखंड कार्यालय निरीक्षण के दौरान डीसी ने विभिन्न विभागों की उपस्थिति पंजियों, कार्यालय व्यवस्था और कार्यशैली की समीक्षा की. कई कर्मियों की अनुपस्थिति दर्ज नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए समय पर कार्यालय पहुंचने और आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कार्यालय परिसर में फैली गंदगी पर भी नाराजगी जाहिर की और साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा.

 

 

डीसी ने जेएसएफसीआई गोदाम फतेहपुर पहुंचकर खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था की जांच की. उन्होंने ट्रक से खाद्यान्न की बोरियां उतरवाकर वजन की जांच कराई, जिसमें वजन सही पाया गया. इसके बाद पीएचसी पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

 

झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, फतेहपुर में डीसी शिक्षक की भूमिका में नजर आए. उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई का स्तर जाना, सवाल पूछे और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी. उन्होंने मेस, किचन, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, लैब और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा गुणवत्तायुक्त भोजन और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

 

पालाजोरी पंचायत निरीक्षण के दौरान डीसी ने पंचायत स्तर पर दी जाने वाली सुविधाओं को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने, पंचायत कार्यालय में बैठने का समय तय करने और पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही