Jamtara News : जमाताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र सोमवार को सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई. दुर्घटना गोविंदपुर-साहिबगंज हाइवे पर खरखोकुंडी के समीप हुई. मृतक की पहचान खरखोकुंडी गांव निवासी हेमन रजक के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें
बताया जाता है कि हेमन रजक अपनी गाय को मैदान में खूंटे से बांधकर वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान हाइवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हेमन रजक की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा समेत अन्य मांगों को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज हाइवे को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया. जाम के चलते हाइवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.
सूचना मिलते ही बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता व नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया.
इस बीच घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण कंटेनर चालक को पकड़कर अपने साथ गांव की ओर ले गए. पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने में जुटे थे. गांव में तनाव का माहौल था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

