- RTO ई-चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर करते थे ठगी, बैंक अधिकारी बनकर भी लोगों को लगाते थे चूना
Jamtara News : पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है. साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर साइबर ठगी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं.
आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके बैंक खातों से रुपये उड़ाते थे. इसकी गुप्त सूचना पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह को मिली वही साइबर डीएसपी के नेतृत्व में टीम बना कर छापेमारी अभियान चलाया.
इस दौरान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी गांव से समरेश मंडल (25) और प्रलाध कुमार मंडल (26) को गिरफ्तार किया गया. वहीं, नारायणपुर थाना क्षेत्र के बिस्टोपुर गांव से खगेन दाँ (22) तथा जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव से उत्तम नाग (37) को गिरफ्तार किया गया.
तीन अलग-अलग तरीकों से करते थे साइबर ठगी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार समरेश मंडल और प्रलाध कुमार मंडल लोगों को व्हाट्सऐप पर आरटीओ ई-चालान के नाम से मैसेज भेजते थे. इसमें APK फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने को कहा जाता था. जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को इंस्टॉल करता था, आरोपी उसकी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे.
वहीं, खगेन दाँ बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करता था और उनसे एटीएम नंबर, सीवीवी तथा ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारियां हासिल कर लेता था. इसके बाद ई-वॉलेट और फर्जी बैंक खातों के माध्यम से रुपये ट्रांसफर कर साइबर ठगी करता था.
इसी तरह उत्तम नाग फोन-पे पर 2,999 रुपये कैशबैक मिलने का झांसा देकर लोगों को मैसेज भेजता था. कैशबैक स्वीकार करने के बहाने लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करता था.
पहले से दर्ज हैं साइबर ठगी के मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार समरेश मंडल के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 35/22 में मामला दर्ज है. वहीं, खगेन दाँ के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 70/21 एवं 56/25 में भी आरोप दर्ज हैं.
पुलिस टीम में ये थे शामिल
छापेमारी अभियान में साइबर अपराध थाना के थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक नितिन कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे.

