- 5 साल के प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार का आरोप
Jamtara News : धनबाद जिले के कुमारधुबी निवासी काजल कुमारी ने अपने कथित प्रेमी राहुल कुमार मंडल, पिता गोपाल मंडल के परिजनों पर मारपीट और सामान घर से निकालकर सड़क पर फेंकने का आरोप लगाया है.
घटना के बाद कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के कोंन्द्राटार टोला में काफी देर तक हंगामा होता रहा. काजल के मुताबिक, राहुल कुमार मंडल के साथ उसका करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध है. इसी भरोसे के साथ वह शादी की उम्मीद लेकर राहुल के घर पहुंची थी. युवती का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद विवाद शुरू हो गया और राहुल की मां ने उसके साथ हाथापाई व मारपीट की. इसके बाद उसका सामान घर से बाहर सड़क पर फेंक दिया गया.
29 जुलाई को भी पहुंची थी प्रेमी के घर
काजल के अनुसार, इससे पहले भी वह 29 जुलाई को राहुल से मिलने उसके घर पहुंची थी. उस समय भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और मामला कर्माटांड़ थाना पहुंचा था. पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी. युवती का दावा है कि उस दौरान राहुल की ओर से शादी करने की सहमति जताई गई थी, जिसके बाद मामला शांत हुआ.
काजल का कहना है कि इसके बाद राहुल उसे अपने साथ जामताड़ा ले गया और करीब 15 दिनों के भीतर शादी करने का भरोसा दिया. लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी शादी को लेकर कोई पहल नहीं हुई. युवती के अनुसार, बाद में राहुल ने उससे बातचीत भी बंद कर दी.
35 दिन बाद दोबारा प्रेमी के घर पहुंची
शादी को लेकर कोई पहल नहीं होने और राहुल से संपर्क नहीं होने के बाद काजल करीब 35 दिन बाद शुक्रवार को दोबारा उसके घर पहुंची. युवती का आरोप है कि इस बार भी प्रेमी के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और उसका बैग व अन्य सामान घर से निकालकर सड़क पर फेंक दिया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.
पुलिस ने युवती को थाने पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने पर कर्माटांड़ पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षा के लिहाज से थाने ले गई. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. युवती के अनुसार, पुलिस ने उसे अपने गृह क्षेत्र के स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी. इसके बाद वह धनबाद लौट गई.
फिलहाल युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस की जांच और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पांच साल पुराने कथित प्रेम संबंध के बाद शादी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है.

