Jamtara News : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर कुमार सिंह ने झारखंड सरकार पर अवैध खनन और कोयला तस्करी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल खान व खनिज संशोधन बिल का विरोध कर रहे हैं. वहीं दूसरी ओर राज्य में अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है.
इसे भी पढ़ें
सारठ विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए रणधीर सिंह ने आरोप लगाया कि चित्रा माइंस और आसपास के क्षेत्रों में कई अवैध कोयला डिपो संचालित हैं. इन डिपो में अवैध तरीके से कोयला जमा कर प्रतिदिन दर्जनों वाहनों से दूसरे इलाकों और राज्यों में भेजा जा रहा है.
रणधीर सिंह ने ठारी, गाजा मोड़, सिमल गढ़ा, रंगा मटिया और मालोडीह सहित कई स्थानों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इन क्षेत्रों के जंगलों और गुप्त ठिकानों पर बड़े पैमाने पर कोयले का भंडारण किया जा रहा है. गरीब तबके के लोग जो साइकिल से कोयला ढोकर परिवार का भरण-पोषण करते थे, उनसे भी दबंगई से कोयला छीनकर अवैध डिपो में जमा किया जा रहा है.
रणधीर सिंह ने चित्रा कोलियरी के GM के साथ-साथ चित्रा और खागा थाना प्रभारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए. कहा कि यदि कोलियरी प्रबंधन की इसमें कोई भूमिका नहीं है, तो कोलियरी में तैनात CISF और सुरक्षा गार्ड इन अवैध डिपो के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं. उन्होंने DGP से मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए अवैध कोयला डिपो पर छापेमारी और कार्रवाई की मांग की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

