Search

Jamtara News: जामताड़ा की बेटी दिवाषी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटिंग में जीता स्वर्ण

Jamtara: जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड की रहने वाली प्रतिभाशाली निशानेबाज दिवाषी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड और देश का नाम रोशन किया है. थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा बनी दिवाषी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

 

इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने बताया कि 4 से 7 मई तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 14 सदस्यीय भारतीय दल ने हिस्सा लिया था, जिसमें दिवाषी हेंब्रम ने देश का प्रतिनिधित्व किया. प्रतियोगिता के दौरान उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत को स्वर्ण पदक हासिल हुआ.

 

बताया गया कि इसी साल जनवरी में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता में भी दिवाषी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था. इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन भारतीय टीम में किया गया था. पिछले चार-पांच महीनों से वह लगातार कड़ा प्रशिक्षण ले रही थीं, जिसका परिणाम अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देखने को मिला.


दिवाषी की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे जामताड़ा जिले में खुशी का माहौल है. जिले के खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे गौरव का क्षण बताया है. जामताड़ा की बेटी की इस उपलब्धि ने युवाओं, खासकर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को नई प्रेरणा दी है.

 

जानकारी के अनुसार दिवाषी हेंब्रम रविवार शाम को जामताड़ा पहुंचेगी, जहां उनके सम्मान में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. स्थानीय खेल संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी उनके सम्मान की तैयारी की जा रही है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 



Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//