Jamtara News: टाटा–दानापुर अप ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल से बिहार तक शराब की अवैध तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है. जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 750 एमएल की 8 बोतल बंगाल ब्रांड शराब के साथ गिरफ्तार किया है. बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 6 लीटर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक चितरंजन रेलवे स्टेशन से शराब लेकर टाटा–दानापुर अप ट्रेन में सवार हुआ था और शराब को बिहार ले जाने की तैयारी में था. जामताड़ा स्टेशन पर तलाशी के दौरान आरपीएफ की नजर युवक पर पड़ी. जांच के दौरान उसके पास से शराब की बोतलें बरामद होने के बाद उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया.
इसे भी पढ़ें:
गिरफ्तार युवक की पहचान पटना जिला निवासी करण कुमार (20 वर्ष), पिता दशरथ केवट के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि युवक ट्रेन में वेंडर के रूप में भी काम करता था और इसी की आड़ में शराब की अवैध ढुलाई कर रहा था.
आरपीएफ ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, जामताड़ा के हवाले कर दिया. उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर निखिल तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

