Search

 
 
 

Jamtara News : घर से भागे प्रेमी युगल गलत ट्रेन में चढ़कर पहुंचे जामताड़ा, पुलिस ने पकड़ा

घर छोड़कर साथ जिंदगी बिताने निकले प्रेमी युगल गलत ट्रेन में सवार होकर जामताड़ा स्टेशन पहुंच गए. मंगलवार देर रात रेलवे ट्रैक के पास दोनों को भटकते देख पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.
 
पकड़ाए प्रेमी युगल.

Jamtara : सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और घर छोड़कर साथ जिंदगी बिताने निकले प्रेमी युगल गलत ट्रेन में सवार होकर जामताड़ा स्टेशन पहुंच गए. मंगलवार देर रात रेलवे ट्रैक के पास दोनों को भटकते देख पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.

 

जानकारी के अनुसार, पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के सीतापहाड़ी गांव निवासी युवक इस्माइल शेख का पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद की युवती यास्मीन खातून से प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे दोस्ती हुई और आगे चलकर प्यार में बदल गयी. जब दोनों के संबंध की जानकारी परिवार वालों को हुई तो उन्होंने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई. इसके बाद दोनों ने घर छोड़कर साथ रहने का फैसला किया.

 

 

दोनों चुपके से घर से भागकर गलत ट्रेन पर सवार हो गए और मंगलवार देर रात जामताड़ा पहुंच गए. रात करीब दो बजे जामताड़ा पुलिस की गश्ती टीम व टाइगर पुलिस ने टावर चौक रेलवे ट्रैक के पास दोनों को संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा. पूछताछ में पूरी कहानी सामने आई, जिसके बाद पुलिस दोनों को सुरक्षित थाना ले गई.

 

जमाताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया युवक की पहचान इस्माइल शेख, पिता मुस्तकीम शेख व युवती की पहचान यास्मीन खातून, पिता एनामुल हक के रूप में हुई है. दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. थाना पहुंचे युवक के परिजनों ने बताया कि इस्माइल चेन्नई में राजमिस्त्री का काम करता है. वह हाल ही में घर लौटा था.
जामताड़ा पुलिस ने बताया कि युवती बालिग है. परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही