Search

 
 
 

Jamtara News : मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. सोमवार सुबह शहर के सरखेलड़ीह मोहल्ले में स्थित “मोबाइल सेवा” दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.
 
  • पहले भी ज्वेलर्स दुकानों और घरों को बना चुके हैं निशाना

Jamtara :  शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. सोमवार सुबह शहर के सरखेलड़ीह मोहल्ले में स्थित “मोबाइल सेवा” दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.

 

चोरों ने दुकान की दीवार में सेंधमारी कर लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन और नकद रकम पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में दहशत और आक्रोश का माहौल है. 

 

सुबह दुकान खुलते पर हुआ चोरी का खुलासा

दुकान संचालक आलोक जैन ने बताया कि रोज की तरह सोमवार की सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए. दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा और रैक खाली पड़ा था.

 

शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद सामान इधर-उधर हो गया होगा. लेकिन जांच करने पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ. उन्होंने बताया कि दुकान में एक छोटा छेद बनाया गया था. आशंका है कि उसी रास्ते से चोर अंदर घुसे होंगे और महंगे मोबाइल फोन व 55 हजार कैश लेकर फरार हो गए. 

 

चोरी का वारदात में बच्चे का इस्तेमाल करने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दुकान का बारीकी से निरीक्षण किया. थाना प्रभारी ने बताया कि दीवार में बनाया गया छेद काफी छोटा है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि चोरी की वारदात में किसी छोटे बच्चे का इस्तेमाल किया गया होगा. 

 

उन्होंने कहा कि अधिकतम 10 साल तक का बच्चा ही उस छेद से अंदर जा सकता है. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी गिरोह द्वारा बच्चों को चोरी के लिए इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है. 

 

सीसीटीवी नहीं होने से जांच में परेशानी

दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा होने के कारण पुलिस को जांच में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस ने दुकानदार को सुरक्षा के लिहाज से जल्द सीसीटीवी कैमरा लगाने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पहचान आसानी से हो सके. 

 

रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में मिले दो मोबाइल

घटना के बाद आसपास खोजबीन के दौरान रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में दो मोबाइल फोन पड़े मिले. आशंका जताई जा रही है कि भागने के दौरान चोरों से ये मोबाइल गिर गए होंगे. फिलहाल चोरी हुए मोबाइल की सही संख्या और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है. 

 

लगातार चोरी की घटनाओं से बढ़ा डर

मौके पर मौजूद मकान मालिक एवं समाजसेवी देवाशीष सरखेल ने कहा कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में जामताड़ा में ज्वेलर्स दुकानों और कई घरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है.

 

उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों का मनोबल और बढ़ सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही