- परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Jamtara News : जिले में गुरुवार देर शाम सड़क हादसा हुआ. करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शीतलपुर-बिशनपुर गांव के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटने से चालक ( 20 वर्षीय) की मौत हो गई. जबकि दो मजदूर घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.
इसे भी पढ़ें
ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर चालक के अलावा दो मजदूर सवार थे. सामान खाली करने के बाद ट्रैक्टर ताराबहाल की ओर लौट रहा था. इसी दौरान बिशनपुर के समीप अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर का बड़ा चक्का चालक के ऊपर आ गया और वह उसके नीचे दब गया.
ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला. वाहन की सुविधा नहीं मिलने पर घायलों को टोटो से कलाझरिया मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया.
घटना की सूचना मिलने पर जिप सदस्य सुरेंद्र मंडल भी मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने ताराबहाल निवासी व्यास महतो (20 वर्षीय) को मृत घोषित कर दिया. वहीं दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है. एक का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरे को भी गंभीर चोट आई है.
इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप बेसुध
व्यास की मौत की खबर जैसे ही ताराबहाल गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया. व्यास अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. बेटे की मौत की खबर सुनकर मां-बाप बेसुध हो गए. मां अपने इकलौते बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो रही है. वहीं पिता श्रवण महतो की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर गबड़ा निवासी अमित राय का बताया जा रहा है. हालांकि ट्रैक्टर किस कारण अनियंत्रित होकर पलटा, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

