Search

 
 
 

Jamtara News: जामताड़ा में 18 साल बनाम 3 महीने के काम पर सियासी लड़ाई

नगर पंचायत जामताड़ा के वर्तमान अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल के बीच राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. दोनों पक्ष एक-दूसरे के कार्यकाल और उपलब्धियों को लेकर खुलकर सवाल उठा रहे हैं.
 
Jamtara: नगर पंचायत जामताड़ा के वर्तमान अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल के बीच राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. दोनों पक्ष एक-दूसरे के कार्यकाल और उपलब्धियों को लेकर खुलकर सवाल उठा रहे हैं. जहां वर्तमान नगर अध्यक्ष के प्रतिनिधि तरुण गुप्ता ने तीन माह के कार्यों को उपलब्धि बताया, वहीं पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने इसे वादाखिलाफी और अव्यवस्था का दौर करार दिया.

"18 वर्षों से जमे जंग को हटाने में जुटा हूं": तरुण गुप्ता

नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता ने कहा कि वर्तमान बोर्ड को कार्यभार संभाले अभी मात्र तीन महीने हुए हैं, लेकिन इस दौरान नाली सफाई, स्वच्छता और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं. उन्होंने दावा किया कि नगर पंचायत में वर्षों से चली आ रही अव्यवस्थाओं को दूर करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है.
उन्होंने पूर्व अध्यक्ष पर पलटवार करते हुए कहा, "हमसे तीन महीने का हिसाब मांगा जा रहा है, लेकिन जो लोग 18 वर्षों तक सत्ता में रहे, वे पहले अपने कार्यकाल का जवाब दें. जनता सब देख रही है और समय आने पर फैसला भी करेगी".

"वादों की जगह अवैध वसूली शुरू हो गई": वीरेंद्र मंडल

वहीं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने वर्तमान बोर्ड पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर अध्यक्ष के कथित समर्थकों द्वारा बस स्टैंड, गांधी मैदान, सब्जी मार्केट, रजवाड़ी हटिया, मछली बाजार तथा बकरा-बकरी हटिया में नगर पंचायत कार्यालय की फर्जी रसीद बनाकर अवैध वसूली की जा रही है. साथ ही शिकायत करने वालों पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कर उन्हें डराने और दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
वीरेंद्र मंडल ने कहा, "चुनाव के समय कहा गया था कि सफाई मित्रों का मानदेय 30 हजार रुपये कर दिया जाएगा. यदि 15 दिनों के भीतर यह वादा पूरा नहीं हुआ तो सफाई मित्रों के साथ जोरदार आंदोलन किया जाएगा.

जनता के बीच अब कामकाज पर होगी असली परीक्षा

नगर पंचायत की राजनीति में बढ़ते आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब जनता की नजर इस बात पर टिकी है कि विकास और जनसुविधाओं के मुद्दे पर कौन कितना खरा उतरता है. एक ओर वर्तमान बोर्ड तीन महीने की उपलब्धियां गिना रहा है, तो दूसरी ओर पूर्व बोर्ड उसके वादों और कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है. आने वाले दिनों में यह सियासी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.
https://lagatar.in/ranchi-university-announces-date-for-document-verification
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही