Jamtara News : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने की मांग को लेकर रविवार को जामताड़ा के गांधी चौक के समीप धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए.
स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के इशारे पर मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि बिहार और पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं और अब झारखंड में भी ऐसी कोशिश की जा रही है. हालांकि, ये आरोप मंत्री की ओर से लगाए गए हैं.
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले से ही वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे थे और अब उनके द्वारा उठाए गए सवालों पर देश में चर्चा हो रही है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पूर्व प्रशासनिक कार्यकाल का उल्लेख करते हुए भी सवाल उठाए.
मंत्री ने कहा कि SIR की प्रक्रिया को लेकर युवाओं में भी चिंता है. उनका आरोप है कि 18 से 22 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा अब जेनरेशन-जी के युवाओं को भी निशाना बना रही है.धरना के दौरान वक्ताओं ने ज्ञानेश कुमार को हटाने,काटे हुए मतदाताओं का नाम जोड़ने की मांग की है.

