Jamtara News: नारायणपुर थाना क्षेत्र के दिवाना मोड़ के समीप हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान चंपापुर (बेड़वा) निवासी प्रदीप हांसदा, पिता शिबू हांसदा के रूप में हुई है. किशोर की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी शोक की लहर है.
इसे भी पढ़ें:
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप हांसदा बाइक से जंगलपुर से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान दिवाना मोड़ के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गया. हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नारायणपुर पहुंचाया गया.
वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा रेफर कर दिया. हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जवान बेटे को खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना नारायणपुर पुलिस को दे दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

