Search

 
 
 

Jamtara News : तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, 09 मोबाइल व 22 सिम कार्ड बरामद

साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.
 

Jamtara : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 09 मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.

 

पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और शेखपुरा के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया.

 

इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी मैदान के निकट खजूर के पेड़ के नीचे संचालित साइबर ठगी के अड्डे पर छापेमारी कर एक अन्य आरोपी को दबोच लिया.गिरफ्तार आरोपियों में नवाडीह निवासी 30 वर्षीय सनातन दास, पसोई निवासी 22 वर्षीय नितेश दास तथा लोहरबंधा निवासी 26 वर्षीय सिराज अंसारी शामिल हैं. तीनों आरोपी जामताड़ा जिले के निवासी हैं.

 

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सनातन दास और नितेश दास यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र के नाम पर गूगल प्लेटफॉर्म पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे. वहीं, सिराज अंसारी खुद को बैंक अधिकारी बताकर विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करता था और उसके माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम देता था.

 

इस संबंध में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 36/26 दिनांक 18 जून 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.इस छापेमारी अभियान में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो तथा रिजर्व गार्ड के जवानों की सक्रिय भूमिका रही.पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने कहा कि जिले में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही