Jamtara : मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम के पीछे बने तालाब में शुक्रवार सुबह 30 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान हलुदकनली निवासी रवि कोल के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि कोल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तालाब में नहाने गया था. इस दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया. तालाब के किनारे मौजूद दो बच्चों ने घटना होते देख शोर मचाया और तत्काल गांव जाकर लोगों को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. सूचना मिलने पर एएसआई सुजन रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. युवक को बचाने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं तालाब में उतरकर काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
इसके बाद केलाही गांव से अनुभवी गोताखोरों की टीम को बुलाया गया. गोताखोरों ने घंटों तक लगातार खोजबीन अभियान चलाया और आखिरकार रवि कोल का शव तालाब से बाहर निकाल लिया. शव बाहर आते ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

बचाव अभियान में जैनुल अंसारी, जसीम अंसारी, नदीम अंसारी, अजीम अंसारी, सत्तार अंसारी, गुलु अंसारी, इरफान अंसारी, तैयब अंसारी, नईम अंसारी, अंसारुल अंसारी, शमीम अंसारी, फांका अंसारी, पठान अंसारी, शमशेर अंसारी और मुबारक अंसारी सहित कई स्थानीय गोताखोरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पुलु यादव, समाजसेवी काजू शर्मा, वार्ड पार्षद कैलाश साव, रवि मिस्त्री सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है. इधर, इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तालाब के आसपास सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

Leave a Comment