Search

जामताड़ा  : डीसी  के जनता दरबार में ऑन स्पॉट कई मामले निपटे

Jamtara  : जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया. इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 50 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं.

 

जनता दरबार में जमीन विवाद, भू-अर्जन, आवास योजना, दिव्यांग पेंशन, आंगनवाड़ी सेविका नियुक्ति, स्कूलों में टीसी को लेकर अतिरिक्त शुल्क की मांग, केंद्रीय विद्यालय में नामांकन सहित कई अहम मुद्दे उठाए गए. उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए.

Uploaded Image

 

नारायणपुर से आए एक फरियादी ने ग्राम प्रधान द्वारा जमीन को लेकर परेशान करने की शिकायत की, जिस पर संबंधित अंचल अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए. वहीं एक अन्य मामले में उच्च विद्यालय परिसर में झोपड़ी बनाकर रहने की शिकायत पर भी जांच के आदेश दिए गए.

 

जनता दरबार में एक महिला अपने दिव्यांग पुत्र के साथ 8 महीने से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंची. जांच में पाया गया कि बैंक खाता बंद होने के कारण भुगतान अटका था. उपायुक्त ने आवश्यक दस्तावेज पूरा कर अगले माह से पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

 

इसके अलावा, एक अभिभावक ने एडवर्ड स्कूल द्वारा टीसी देने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क मांगने की शिकायत की. उपायुक्त ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए.

 

आंगनवाड़ी सेविका नियुक्ति से जुड़े एक मामले में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को 48 घंटे के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया.उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. हर मंगलवार को लगेगा जनता दरबार उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में आकर अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp