Search

 
 
 

JEE Advanced 2026 का रिजल्ट जारी, गया के शुभम कुमार बने टॉपर

देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है. परीक्षा में गया (बिहार) के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR)-1 हासिल किया है.
 

Lagatar Desk : देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है. परीक्षा में गया (बिहार) के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR)-1 हासिल किया है. 

 

शुभम की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने इससे पहले जेईई मेन 2026 के जनवरी और अप्रैल दोनों सत्रों में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया था. बिहार से वह एकमात्र छात्र थे, जिन्होंने दोनों सत्रों में यह मुकाम हासिल किया. 

 

शुभम कुमार के अलावा कबीर छिल्लर (IIT दिल्ली जोन) ने 329 अंकों के साथ दूसरा और जतिन चाहर ने 319 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है.

 

साधारण परिवार से निकलकर रचा इतिहास

शुभम कुमार का परिवार गया जिले में रहता है. उनके पिता शिव कुमार हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी मां कंचन देवी गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा उनकी पढ़ाई को प्राथमिकता दी. शुभम की बड़ी बहन प्रिया कुमारी भी आईआईटी पटना में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही हैं.

शुभम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गया के नाजरथ अकैडमी से प्राप्त की. दसवीं कक्षा तक उन्होंने किसी कोचिंग या ट्यूशन का सहारा नहीं लिया. शुरुआती वर्षों में उनकी मां ने पढ़ाई में मार्गदर्शन किया, जबकि आगे की पढ़ाई उन्होंने स्वयं के प्रयासों और अनुशासन के दम पर जारी रखी. उन्होंने 12वीं की पढ़ाई ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल से पूरी की.

 

कोटा में की तैयारी, आठ घंटे सेल्फ स्टडी से मिली सफलता

इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए शुभम पिछले दो वर्षों से राजस्थान के कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहे थे. 11वीं कक्षा में उन्होंने ऑनलाइन कोचिंग से तैयारी शुरू की थी. बाद में छात्रवृत्ति मिलने पर उन्होंने कोटा में ऑफलाइन कोचिंग जॉइन की.

 

कोचिंग के अलावा वे प्रतिदिन करीब आठ घंटे सेल्फ स्टडी करते थे. जेईई एडवांस्ड में देशभर में पहला स्थान हासिल करने वाले शुभम का सपना आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना है. 

 

1,79,694 में से 56,880 अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता

बता दें कि जेईई (एडवांस्ड) 2026 की परीक्षा 17 मई 2026 को हुई थी. इस परीक्षा के लिए 1,87,389 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इस परीक्षा में 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 56,880 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है. सफल उम्मीदवारों में 10,107 छात्राएं भी शामिल हैं. अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. 

 

फाइनल आंसर-की भी हुई जारी

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने रिजल्ट के साथ JEE Advanced 2026 की फाइनल आंसर-की भी जारी कर दी है. अभ्यर्थी इसे आधिकारिक वेबसाइट से PDF प्रारूप में बिना किसी लॉगिन के डाउनलोड कर सकते हैं. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही