Search

 
 
 

Jharkhand : नक्सल अभियान में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 14 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित, राष्ट्रपति पदक के लिए भेजे गए नाम

झारखंड में माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों में अदम्य साहस, वीरता और उत्कृष्ट  पुलिसिंग का प्रदर्शन करने वाले 14 पुलिस अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस वीरता पदक से सम्मानित करने की तैयारी है.
 
झारखंड की खबरें
  • झारखंड के 14 जांबाज पुलिसकर्मियों को मिलेगा वीरता पदक
  • माओवादियों के खिलाफ दिखाए अदम्य साहस के लिए केंद्र को भेजी गई सिफारिश

Ranchi : झारखंड में माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों में अदम्य साहस, वीरता और उत्कृष्ट  पुलिसिंग का प्रदर्शन करने वाले 14 पुलिस अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस वीरता पदक से सम्मानित करने की तैयारी है.

 

राज्य सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इन पुलिसकर्मियों के नामों की अनुशंसा केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी है. अब केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से झारखंड से भेजे गए नामों की समीक्षा की जाएगी.

 

अनुशंसित सूची में एक IPS अधिकारी, डिप्टी कमांडेंट, DSP, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और पुलिस जवान शामिल हैं. राज्य सरकार ने बोकारो, चतरा और गुमला में माओवादियों के खिलाफ चलाए गए चार बड़े अभियानों और मुठभेड़ों को आधार बनाकर इन पुलिसकर्मियों के नामों की अनुशंसा की है.

 

बोकारो मुठभेड़ में छह पुलिसकर्मियों के नाम

24 जनवरी 2025 को बोकारो के पेंक-नारायणपुर थाना क्षेत्र के बंसी गांव के जंगल में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. अभियान के दौरान दो हार्डकोर माओवादियों को मार गिराया गया था. मौके से AK-47 और इंसास राइफल बरामद की गई थी.

 

इस अभियान के लिए तत्कालीन बोकारो SP मनोज स्वर्गियारी, सब-इंस्पेक्टर अभिषेक किशोर, सुभाष कुमार यादव, दीनबंधु शेखर, रामजी कुमार और शिवरतन साहू के नामों की पुलिस वीरता पदक के लिए अनुशंसा की गई है.

 

लावालौंग मुठभेड़ के जांबाजों को भी सम्मान

2 नवंबर 2019 को चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र में टीएसपीसी उग्रवादियों ने पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला किया था. पुलिस टीम ने हमले का डटकर मुकाबला किया था. इस अभियान में शामिल डिप्टी कमांडेंट रविशंकर पांडेय, तत्कालीन सिमरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर लव कुमार सिंह और हवलदार विक्की गुरुंग के नामों की पुलिस वीरता पदक के लिए अनुशंसा की गई है.

 

बूटकुईंया अभियान में शामिल दो पुलिसकर्मियों के नाम

29 जनवरी 2023 को चतरा के कुंदा थाना क्षेत्र के मनातू और बूटकुईंया पहाड़ी इलाके में पुलिस और कोबरा बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाया था. अभियान के दौरान एक इनामी माओवादी को मार गिराया गया था. इस अभियान में शामिल इंस्पेक्टर सनोज कुमार चौधरी और सिपाही चंदन कुमार पासवान के नामों की भी पुलिस वीरता पदक के लिए अनुशंसा की गई है.

 

गुमला के कुरुमगढ़ अभियान में उत्कृष्ट कार्य

31 मई 2021 को गुमला के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र में उग्रवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में बेहतर रणनीति और उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए डीएसपी विकास आनंद लांगुरी, दारोगा विवेकानंद श्रीवास्तव और सिपाही अशोक कुमार के नामों की अनुशंसा की गई है.

 

अब केंद्रीय गृह मंत्रालय की समीक्षा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. अगर अनुशंसा को मंजूरी मिलती है, तो झारखंड के इन 14 जांबाज पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनके साहस, वीरता और उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक या पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही