Search

 
 
 

राज्यपाल के अभिभाषण के साथ झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू

झारखंड विधानसभा बजट सत्र राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ. इससे पहले विधानसभा परिसर में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. विधानसभा सचिव अविनाश कुमार ने राज्यपाल को बुके देकर सम्मानित किया.
 

Ranchi :   झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ. इससे पहले विधानसभा परिसर में राज्यपाल गंगवार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. वहीं विधानसभा सचिव अविनाश कुमार ने राज्यपाल को बुके देकर सम्मानित किया. 

 

 

सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने माननीय सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट सत्र राज्य की विकास दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है. बजट सत्र केवल आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करने का मंच नहीं है, बल्कि यह राज्य की विकास यात्रा का मार्गदर्शक दस्तावेज होता है. 

 

स्पीकर ने कहा कि इस सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा. वहीं 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि बजट के माध्यम से राज्य की नीतियों, योजनाओं, वित्तीय प्राथमिकताओं और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण की रूपरेखा तय की जाएगी.

 

अध्यक्ष महतो ने सभी सदस्यों से अपेक्षा की कि वे अनुदान मांगों, कटौती प्रस्तावों और नीतिगत सुझावों के माध्यम से सार्थक एवं तथ्यपरक चर्चा करें. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शक्ति संवाद और विमर्श में निहित है. मतभेद स्वाभाविक हैं, किंतु सदन की गरिमा, अनुशासन और परंपरा का पालन सर्वोपरि होना चाहिए, क्योंकि राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता की निगाहें सदन की कार्यवाही पर टिकी रहती हैं.

 

पेपरलेस होगा झारखंड विधानसभा

इस सत्र की खास बात यह है कि विधानसभा का कामकाज पेपरलेस शुरू किया गया. अध्यक्ष ने बताया कि नेशनल ई-विदान एप्लिकेशन (NEVA) परियोजना को आंशिक रूप से लागू कर दिया गया है.

 

11 फरवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नेवा सेवा केंद्र का उद्घाटन किया था. अब शून्यकाल से जुड़ी सूचनाएं ऑनलाइन भेजी जाएंगी. आने वाले समय में सवाल-जवाब, कार्यसूची और अन्य जरूरी दस्तावेज भी डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगे. 

 

राज्यहित से जुड़े मुद्दे पर होगी चर्चा

अध्यक्ष के संबोधन के उपरांत राज्यपाल का अभिभाषण हुआ, जिसके साथ ही औपचारिक रूप से बजट सत्र की कार्यवाही प्रारंभ हो गई. सत्र के दौरान राज्यहित से जुड़े विविध विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी.

 

अभिभाषण के दौरान राज्यपाल सरकार की अब तक की उपलब्धियों गिनवायेंगे. साथ ही भविष्य की योजनाओं का खाका सदन की पटल पर रखेंगे. बता दें कि झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू हुआ, जो 19 मार्च तक चलेगा. बजट सत्र कुल 17 कार्य दिवस का होगा. 

 

https://lagatar.in/strictness-in-palamu-before-civic-elections-history-sheeters-will-be-banished-from-the-district

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही