Search

 
 
 

झारखंड बंद का ऐलान, छात्र आंदोलन के समर्थन में 11 अगस्त को सड़क पर उतरेगी भाजपा

Ranchi : झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में भाजपा ने 11 अगस्त को पूरे राज्य में बंद का ऐलान किया है. भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने और प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई करने का आरोप लगाया है.
 

Ranchi : झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में भाजपा ने 11 अगस्त को पूरे राज्य में बंद का ऐलान किया है. भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने और प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई करने का आरोप लगाया है.

 

सोमवार को प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य में पिछले कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं. पार्टी ने JPSC और JSSC की परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए कई मामलों की CBI जांच की मांग की.

 

भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्र पिछले कई दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनका कहना है कि छात्रों की मुख्य मांगों में विवादित परीक्षाओं को रद्द करना और पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है.

 

भाजपा ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया. पार्टी ने दावा किया कि कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए हैं. भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों के पंडाल को हटाने के लिए भी पुलिस की कार्रवाई की गई.

 

JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर भाजपा ने सरकार से सवाल किया. पार्टी नेताओं ने CGL, सहायक आचार्य, PGT और उत्पाद सिपाही भर्ती समेत कई नियुक्ति प्रक्रियाओं में गड़बड़ी के आरोप लगाए. 14वें JPSC PT मामले में हुई गिरफ्तारियों का भी जिक्र किया गया. भाजपा ने कहा कि छात्रों को राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है, इसलिए मामलों की CBI जांच होनी चाहिए.

 

कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना

भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी सवाल उठाया. नेताओं ने कहा कि कांग्रेस दूसरे राज्यों में छात्रों के मुद्दे उठाती है, लेकिन झारखंड में छात्रों के आंदोलन पर उसका रुख साफ नहीं है. भाजपा ने कांग्रेस से छात्रों की CBI जांच की मांग का समर्थन करने को कहा.

 

11 अगस्त को सुबह 8 बजे से बंद

भाजपा के अनुसार 11 अगस्त को सुबह 8 बजे से देर रात तक झारखंड बंद रहेगा. हालांकि स्वास्थ्य सेवाओं और देवघर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर जाने वाले कांवरियों को बंद से बाहर रखा गया है.

 

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्र आंदोलन के साथ खड़ी है. उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की. पार्टी ने यह भी कहा कि अगर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ दोबारा गलत व्यवहार हुआ, तो भाजपा इसका विरोध जारी रखेगी. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही