Ranchi: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की स्किल डेवलपमेंट उप समिति की बैठक शुक्रवार को चैंबर भवन में आयोजित हुई. बैठक में झारखण्ड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी की ओर से विजय कुमार, विश्वरूप एवं चंद्रशेखर सिंह शामिल हुए. इस दौरान झारखण्ड चैंबर और स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी के बीच प्रस्तावित एमओयू के प्रारूप और उसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में उद्योग आधारित कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक क्षेत्रों की पहचान, चैंबर से जुड़े उद्योगों एवं सदस्यों की स्किल जरूरतों का आकलन तथा राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से संयुक्त रूप से जॉब फेयर आयोजित करने पर सहमति बनी.
निर्णय लिया गया कि दोनों संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में एक मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जाएगा. राज्य सरकार ने इस अभियान के तहत पैन इंडिया स्तर पर लगभग 12 हजार रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके तहत फेडरेशन अपने सदस्य उद्योगों और प्रतिष्ठानों से उनकी मैनपावर आवश्यकताओं का विवरण जुटाएगा. इसके लिए एक गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें उद्योग अपनी रिक्तियों की जानकारी साझा करेंगे. इसके अनुरूप स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी प्रशिक्षित और उपयुक्त अभ्यर्थियों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी.
चैंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़ और महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह पहल राज्य के स्किल्ड और अनस्किल्ड युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. इससे उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा और युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त होंगे.
उप समिति चेयरमैन प्रियंक भगत ने बताया कि जॉब फेयर का पहला चरण 15 जुलाई से अगस्त के प्रथम सप्ताह तक आयोजित किया जाएगा. इस दौरान उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अभ्यर्थियों का पंजीकरण, चयन और रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी.
बैठक में सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, सदस्य रमेश साहू, दिलीप साहू, ज्योति सिंह और शशांक राज सहित अन्य उपस्थित रहे.
https://lagatar.in/a-special-yoga-and-health-awareness-program-will-be-held-at-the-chamber-building-on-the-11th-international-yoga-day
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Leave a Comment