Ranchi: झारखंड कैडर के दो वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए राज्य सरकार ने विरमित कर दिया है. वर्ष 2006 बैच की IPS अधिकारी अन्नेपु विजयालक्ष्मी और वर्ष 2011 बैच के IPS अधिकारी चंदन कुमार झा अब केंद्रीय सुरक्षा बलों में जिम्मेदारी संभालेंगे.
गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के बाद झारखंड पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से दोनों अधिकारियों को विरमित करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें:
CRPF में IG का पद संभालेंगी अन्नेपु विजयालक्ष्मी
वर्तमान में झारखंड में IG प्रशिक्षण के पद पर कार्यरत 2006 बैच की IPS अधिकारी अन्नेपु विजयालक्ष्मी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में IG के पद पर योगदान देंगी. आदेश के अनुसार, वे अपना वर्तमान पदभार त्यागने की तिथि से औपचारिक रूप से विरमित मानी जाएंगी.
CISF में DIG होंगे चंदन कुमार झा
वहीं, 2011 बैच के IPS अधिकारी चंदन कुमार झा वर्तमान में CID में DIG के पद पर पदस्थापित हैं. केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद वे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में DIG के पद पर अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे. उन्हें भी वर्तमान पद का प्रभार छोड़ने की तिथि से राज्य सरकार की सेवा से विरमित माना जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment