Ranchi News : झारखंड में बालू और पत्थर के अवैध खनन एवं कारोबार पर रोक लगाने के लिए खान विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है. खान निदेशक राहुल कुमार सिन्हा ने राज्य के सभी जिला खनन पदाधिकारियों को खनिज भंडारण स्थलों की जांच करने का निर्देश दिया है. जांच में भंडारित खनिज के स्रोत, परिवहन चालान और मासिक विवरणी का सत्यापन किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें...
निदेशक ने पत्र में कहा है कि विभाग को सूचना मिल रही है कि कुछ भंडारण अनुज्ञप्तिधारी पड़ोसी राज्यों और जिलों से खनिजों के नाम पर केवल परिवहन चालान प्राप्त कर स्टॉक का रिकॉर्ड तैयार कर रहे हैं. वहीं, आसपास के क्षेत्रों से अवैध उत्खनन कर बालू और पत्थर भंडारण स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है. बाद में इन्हें परिवहन चालान के साथ बेचा जा रहा है.
पत्र में कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियों से अवैध खनन को बढ़ावा मिल रहा है. इससे सरकारी राजस्व का नुकसान होने के साथ विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है. खान निदेशक ने दोषी अनुज्ञप्तिधारियों और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा कार्रवाई की रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

