Ranchi : राज्य सरकार ने उन सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया है, जिसमें TDPL शामिल रहा है. इस फैसले के आलोक में JPSC द्वारा आयोजित 14वीं के साथ ही संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2023, सहायक वन संरक्षक( ACF), फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर( FRO) और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (FSO) की परीक्षा रद्द हो सकती है.
इसके अलावा राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित महिला पर्यवेक्षिका (CDPO) परीक्षा भी रद्द हो सकती है. (जेएसएससी-सीजीएल से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
JPSC द्वारा आयोजित 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट TDPL ने तैयार किया है. JPSC ने संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम रिजल्ट तैयार करने में TDPL शामिल रहा है. संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में 11वीं, 12वीं और 13वीं को शामिल किया गया था.
आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष नीलिमा केरकेट्टा के कार्यकाल में इन परीक्षाओं का आयोजन किया गया था. मुख्य लिखित परीक्षा के कॉपियों का मूल्यांकन On Screen System से किया गया था. लेकिन रिजल्ट उनके कार्यकाल में प्रकाशित नहीं किया गया था.
नीलिमा केरकेट्टा का कार्यकाल खत्म होने के बाद एल ख्यांगते को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया. उनके कार्यकाल में TDPL को परीक्षा का काम दिया गया. TDPL ने इंटरव्यू सहित अन्य सभी प्रक्रियाएं पूरी की. इसके बाद रिजल्ट प्रकाशित किया गया. इसलिए सरकार की घोषणा के अनुरूप यह परीक्षा भी रद्द हो सकती हैं.
JPSC ने विज्ञापन संख्या 3/24 के आलोक में सहायक वन संरक्षक (ACF) की परीक्षा आयोजित की. विज्ञापन संख्या 4/24 के आलोक में आयोग ने फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (FRO) और 18/23 के आलोक में फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) की परीक्षा आयोजित की. इन सभी परीक्षाओं का रिजल्ट तैयार करने का काम TDPL ने किया था. इसलिए सरकार के फैसले के आलोक में इन परीक्षाओं को भी रद्द किया जा सकता है.
राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने महिला पर्यवेक्षिका (CDPO) की परीक्षा आयोजित की थी. इस मामले चल रही जांच के दौरान एक ही संस्थान के 18 परीक्षार्थियों के सफल होने की पुष्टि हुई है. सभी परीक्षार्थी उत्तर प्रदेश के हैं. इस तथ्य की जानकारी मिलने के बाद फिलहाल कुछ की नियुक्ति पर सरकार ने रोक लगा रखी है. इसलिए इसके भी रद्द होने का खतरा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

