Jharkhand Weather News : राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में सोमवार देर रात से ही बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. आईएमडी की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के कारण झारखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा.
चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में रेड अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, कुछ जगहों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है. वहीं, एक-दो स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं गढ़वा, पलामू और लातेहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि रांची समेत अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. कई जगहों पर गरज के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है. ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है.
19 से 23 अगस्त तक भी बारिश
19 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश होगी और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. 20 और 21 अगस्त को बारिश थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन गरज और तेज हवा का खतरा बना रहेगा. 22 अगस्त को कुछ जगहों पर बारिश और वज्रपात की संभावना है. 23 अगस्त को कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
बारिश से कई जिलों में मौसम सुहावना
बारिश और बादलों के कारण रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रह सकता है. हालांकि, बारिश और बिजली चमकने के दौरान लोगों को घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतनी चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

