Search

 
 
 

Weather News : झारखंड में 14 तक बारिश-आंधी का अलर्ट, कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना

झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार 14 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ मौसम बना रह सकता है.
 

Ranchi : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार 14 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ मौसम बना रह सकता है.

 

मौसम विभाग ने 9 मई के लिए राज्य के मध्य हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची और खूंटी जिलों में गरज के साथ ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. वहीं, 8 मई को साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह और धनबाद जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

 

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के बाकी हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 10, 11, 13 और 14 मई को भी कई जिलों में गरज और तेज हवा की संभावना बनी रहेगी.

 

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 43.8 मिमी बारिश हजारीबाग जिले के कोनेर डीवीसी इलाके में हुई. बोकारो थर्मल में 38.8 मिमी, रामगढ़ में 6.4 मिमी और डालटनगंज में 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.

 

तापमान की बात करें तो डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, रांची के कांके इलाके में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री, चाईबासा में 36.2 डिग्री और रांची शहर में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

 

रांची और आसपास के इलाकों में अगले पांच से 7 दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने या तेज हवाओं के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
  

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही