Gumla News : गुमला पुलिस को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन JJMP के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर डुमरी थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान में JJMP के सब-जोनल कमांडर और 5 लाख के इनामी रामदेव लोहरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि रामदेव लोहरा डुमरी थाना क्षेत्र के अकासी और जयरागी गांव के आसपास सक्रिय है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस की ऑपरेशन टीम ने इलाके में अभियान चलाया. इस दौरान रामदेव लोहरा समेत JJMP के तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदेव लोहरा (बिंगड़ा, लातेहार निवासी) के रूप में हुई है. वह JJMP का सब-जोनल कमांडर है और उस पर 5 लाख का इनाम घोषित था. इसके अलावा अरविंद नायक (कोने, लातेहार , निवासी) को गिरफ्तार किया गया है. वह JJMP का एरिया कमांडर बताया गया है.
तीसरे आरोपी की पहचान मुनेश्वर सिंह (किता मक्का, लोहरदगा निवासी) के रूप में हुई है. वह JJMP का सदस्य बताया गया है. चौथे आरोपी जितेंद्र लोहरा (उजरा, गुमला निवासी) को भी गिरफ्तार किया गया है. गुमला की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

AK-56, SLR व सेमी ऑटोमेटिक राइफल बरामद
भारी मात्रा में हथियार और आपत्तिजनक सामान बरामद
गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने AK-56 राइफल, SLR राइफल और एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल बरामद की है. इसके अलावा AK-47, SLR और सेमी ऑटोमेटिक राइफल के जिंदा कारतूस, एक वॉकी-टॉकी, आठ मोबाइल फोन, एक वाई-फाई डोंगल और प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे भी बरामद किए गए हैं.
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर रही है और उनसे संगठन के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और इलाके में JJMP की गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

