Search

Jharkhand News: भू-माफियाओं पर गिरेगी गाज, कानून व्यवस्था को लेकर हाई लेवल बैठक में CM सख्त

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की. बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए. उन्होंने गंभीर अपराधों को चिन्हित कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया.

 

बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भू-माफियाओं पर सख्ती बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में उन्हें संरक्षण नहीं मिलना चाहिए. उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस को अत्यंत सतर्क रहने और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

 

नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान को तेज करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ड्रग्स सप्लाई चेन को तोड़ा जाए और इससे जुड़े अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो. स्कूल-कॉलेज जैसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया.

 

मुख्यमंत्री ने लापता बच्चों और महिलाओं के मामलों को प्राथमिकता देते हुए उनकी त्वरित और सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही अफीम की खेती पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए खूंटी, चतरा और रांची जिलों में विशेष अभियान चलाने को कहा.

 

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, नियमित संवाद करने और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठित अपराध पर हर हाल में रोक लगाई जाए और इसके लिए सरकार पुलिस को हर संभव सहयोग दे रही है. बैठक में मुख्य सचिव, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डीजीपी सहित सभी जिलों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//