Search

Jharkhand News: अब अस्पतालों में मिलेगी सभी सुविधाएं, डिजाइन में बड़ा बदलाव

Ranchi: स्वास्थ्य विभाग राज्य के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के डिजाइन में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है. इस दिशा में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए पेशेंट फ्लो और वर्कफ्लो को वैज्ञानिक बनाने पर जोर दिया गया.

 

बैठक में निर्माणाधीन और पहले से संचालित अस्पतालों की समग्र योजना पर चर्चा हुई. इसमें आईसीयू, सीसीयू, एचडीयू, ऑपरेशन थियेटर, आईपीडी, कैथ लैब, डायग्नोस्टिक और रेडियोलॉजी सेंटर जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों के सही स्थान निर्धारण पर विशेष ध्यान दिया गया. इसके लिए रिम्स और अन्य प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों के विशेषज्ञों को शामिल करते हुए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है.

 

समिति का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के मौजूदा डिजाइन की समीक्षा करना और जरूरत के अनुसार संशोधन करना है. साथ ही मरीजों को अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने के लिए भवन डिजाइन में जरूरी बदलाव की सिफारिश की जाएगी. समिति निर्माणाधीन परियोजनाओं का गहन परीक्षण करेगी और जहां आवश्यकता होगी वहां पुनर्रचना का सुझाव देगी.

 

इसके अलावा एकेडमिक भवन, आवासीय परिसर और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसे बुनियादी ढांचे के विस्तार और सही स्थान निर्धारण पर भी समिति अपनी राय देगी. अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि निर्माण एजेंसियां अपने विशेषज्ञों के साथ विस्तृत डिजाइन और योजनाओं का प्रस्तुतिकरण समिति के समक्ष करें. भवन निर्माण विभाग और अन्य संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.

 

सरकार की इस पहल से राज्य के अस्पतालों में सुविधाओं का स्तर बेहतर होने और मरीजों को अधिक व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है.

 

समिति में रिम्स और अन्य संस्थानों के वरिष्ठ चिकित्सक और विशेषज्ञ शामिल हैं. इनमें कार्डियोलॉजी, क्रिटिकल केयर, मेडिसिन, सर्जरी, ऑन्कोलॉजी, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ शामिल हैं.

 

समिति में शामिल प्रमुख सदस्यों में डॉ. हेमंत नारायण एम, डॉ. प्रदीप कुमार भट्टाचार्य, डॉ. प्रकाश कुमार बोथरा, डॉ. निशीथ एक्का, डॉ. अजीत कुमार डुंगडुंग, डॉ. अनिल कुमार कमाल, डॉ. गुंजेश कुमार सिंह, डॉ. अंशु जमैयार और डॉ. अनीश कुमार चौधरी शामिल हैं. साथ ही जेएसबीसीसीएल के जीएम स्तर के अधिकारी को भी समिति का सदस्य बनाया गया है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//