Search

 
 
 

Seraikela News: सरदार हत्याकांड में खुलासा, पत्नी ने रची थी हत्या की साजिश, 4 गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में हुए बाया सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश खुद मृतक की पत्नी ने रची थी
 

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में हुए बाया सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश खुद मृतक की पत्नी ने रची थी, जिसमें उसके भाई (साला) और दो अन्य लोग भी शामिल थे.

 

पत्नी-साला निकला मास्टरमाइंड

एसडीपीओ समीर सवैया ने बताया कि मृतक बाया सरदार की पत्नी सुनीता सरदार, उसके साले सोमा मुंडा और तमाड़ थाना क्षेत्र के दो अन्य आरोपियों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कि सुनीता सरदार अपने पति की प्रताड़ना से परेशान थी और इसी कारण उसने खौफनाक कदम उठाया.

 

कैसे रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बाया सरदार की गला काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद शव को कंबल से ढंक दिया, जिससे पुलिस को शक हुआ कि इसमें किसी करीबी का हाथ है. तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर मामले का पर्दाफाश हुआ.

 

घटना 2 मई की रात खरसावां थाना क्षेत्र के कांटाडीह गांव में हुई थी. 41 वर्षीय बाया सरदार की गला काटकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मृतक के भाई सुखराम सरदार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज किया गया था. पुलिस अधीक्षक निधी द्विवेदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया.

 

चार आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों सुनीता सरदार, सोमा मुंडा, वीर सिंह मुंडा और बिरा मुंडा को गिरफ्तार किया है. इनके पास से हत्या में इस्तेमाल खून लगा फरसा, एक स्कूटी (होंडा कंपनी) और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

 

सोमा मुंडा का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, सोमा मुंडा का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ 2019 में कुचाई थाना में आर्म्स एक्ट, यूएपीए और भारतीय दंड संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है. इससे पता चलता है कि हत्या की साजिश में शामिल लोग पहले से अपराध की दुनिया से जुड़े रहे हैं.

 

घरेलू विवाद बना हत्या का कारण

इस हत्याकांड ने एक बार फिर यह साबित किया है कि घरेलू विवाद किस हद तक खतरनाक हो सकता है. पुलिस की तत्परता से मामला जल्द सुलझ गया, लेकिन यह घटना समाज के लिए चिंता का सबब है कि पारिवारिक तनाव को समय रहते सुलझाना जरूरी है, अन्यथा इसके परिणाम बेहद भयावह हो सकते हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही