Search

 
 
 

होली को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, DGP तदाशा मिश्रा ने सभी SP को दिए सख्त निर्देश

होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय पूरी तरह सक्रिय हो गया है. डीजीपी तदाशा मिश्रा ने राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को विशेष दिशा-निर्देश जारी करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया है.
 

Ranchi : होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय पूरी तरह सक्रिय हो गया है. डीजीपी तदाशा मिश्रा ने राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को विशेष दिशा-निर्देश जारी करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया है.

 

डीजीपी ने स्पष्ट कहा है कि होली के दौरान किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

 

सभी जिलों में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल, गश्ती दल और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तैनाती करने का निर्देश दिया गया है.

 

उन्होंने यह भी कहा कि पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. साथ ही, डीजे और जुलूस के लिए निर्धारित समय-सीमा और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा.

 

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सभी एसपी को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में शांति समिति की बैठक कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों के साथ समन्वय स्थापित करें, ताकि आपसी भाईचारे के साथ होली मनाई जा सके.

 

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भी सक्रिय रखने का आदेश दिया गया है, ताकि भ्रामक या उकसाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.

 

डीजीपी ने कहा कि झारखंड पुलिस आम जनता की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी जिलावासियों से अपील की है कि होली प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है, इसे शांति और मर्यादा के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करें.

 

झारखंड पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पूरे राज्य में चौकसी बढ़ा दी गई है और पर्व को लेकर हर स्तर पर पुख्ता व्यवस्था की गई है, ताकि लोग निर्भय होकर होली का आनंद उठा सकें.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही