- झारखंड में लोजपा (रामविलास) का नया सियासी समीकरण
- जनार्दन पासवान को प्रदेश अध्यक्ष की कमान
- बीरेंद्र प्रधान बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
Ranchi News : झारखंड की सियासत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बड़ा दांव चला है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने चतरा से पूर्व विधायक जनार्दन पासवान को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी है. वहीं, झारखंड में लंबे समय से संगठन का नेतृत्व कर रहे बीरेंद्र प्रधान को पदोन्नत कर पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
झारखंड में संगठन को जमीनी स्तर पर और धार देने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है. जनार्दन पासवान के प्रदेश अध्यक्ष बनने से राज्य के दलित और वंचित वर्गों के बीच पार्टी का जनाधार और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी रणनीतियों को देखते हुए पार्टी ने राज्य में अनुभवी चेहरे को आगे किया हw.
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान को केंद्रीय टीम में शामिल किए जाने से राज्य के कार्यकर्ताओं में उत्साह है. उनके कार्यकाल में झारखंड के ग्रामीण और शहरी इलाकों में संगठन का विस्तार हुआ था. पार्टी नेताओं का कहना है कि दोनों नेताओं के अनुभव का सीधा लाभ झारखंड में लोजपा (रामविलास) को मुख्य धारा की सियासत में मजबूती से स्थापित करने में मिलेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

