Search

 
 
 

Lagatar Exclusive : दुष्कर्म के आरोपी आर्मी जवान की रिहाई को झारखंड रेलवे पुलिस ने HC में दी चुनौती

Ranchi : झारखंड रेलवे पुलिस ने रांची के टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशन के पास एक महिला से दुष्कर्म के आरोपी आर्मी जवान की रिहाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी है. मेडिकल और डीएनए जांच में साक्ष्य मिलने के बावजूद निचली अदालत से आरोपी के बरी होने और गवाहों के बयान दर्ज न होने के कारण यह अपील दाखिल की गई है.
 
हाईकोर्ट
  • रांची सिविल कोर्ट के आदेश को निरस्त करने की मांग
  • अदालत से दोबारा ट्रायल कराने की भी मांग

Ranchi : झारखंड रेलवे पुलिस ने रांची के टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशन के पास वर्ष 2025 में एक महिला के साथ दुष्कर्म के आरोपी आर्मी जवान की रिहाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी है. राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद यह अपील दाखिल की गई है. इसमें रांची सिविल कोर्ट के आदेश को निरस्त कर दोबारा ट्रायल कराने की मांग की गई है. इस मामले में जल्द हाईकोर्ट में सुनवाई हो सकती है.

 

समीक्षा में आरोपी की रिहाई की बात आई सामने

दरअसल रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की रिव्यू मीटिंग में इस केस की समीक्षा की गई. तो पता चला कि अदालत से आरोपी को राहत मिलने की बात सामने आई. पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मेडिकल रिपोर्ट और डीएनए जांच में दुष्कर्म से संबंधित साक्ष्य मिले थे. इसके बावजूद निचली अदालत से आरोपी को रिहाई मिल गई. इसके बाद झारखंड रेलवे पुलिस ने कानूनी पहलुओं की समीक्षा कर हाईकोर्ट जाने का निर्णय लिया.

 

इसे भी पढ़ें

 

ट्रेन की बोगी में महिला से हुआ था दुष्कर्म का आरोप

दरअसल यह मामला वर्ष 2025 का है. टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन खड़ी थी. आरोप है कि इसी दौरान आर्मी जवान ने ट्रेन की बोगी में एक महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया. महिला के शोर मचाने पर पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे. इसके बाद आरोपी आर्मी जवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

 

इस संबंध में रेलवे पुलिस ने कांड संख्या 48/25 दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के दौरान पीड़िता की मेडिकल जांच करायी गई. साथ ही डीएनए सैंपल की भी जांच हुई. झारखंड रेलवे पुलिस के अनुसार, दोनों जांच में दुष्कर्म से संबंधित साक्ष्य मिले थे. पीड़िता अनुसूचित जाति समुदाय से है.  जबकि आरोपी आर्मी जवान उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है.

 

अपर न्यायुक्त-2 की अदालत के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती

आरोपी ने रांची सिविल कोर्ट के अपर न्यायुक्त-2 की अदालत में जमानत याचिका दाखिल की थी. जिस पर सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी आर्मी जवान को रिहा कर दिया था. इसके बाद केस में आगे की कार्रवाई नहीं हुई. हाल में झारखंड रेलवे पुलिस की रिव्यू मीटिंग में इस फैसले और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों की समीक्षा की गई.

 

झारखंड रेलवे पुलिस के डीजी अनिल पाल्टा के अनुसार, मामले में कई गवाहों के बयान दर्ज नहीं हो सके थे. ऐसे में उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों की स्थिति को देखते हुए निचली अदालत के आदेश को चुनौती देने का फैसला लिया गया. झारखंड रेलवे पुलिस ने राज्य सरकार की अनुमति से हाईकोर्ट में अपील दाखिल की है. अपील में अदालत से निचली अदालत के आदेश को निरस्त कर नए सिरे से ट्रायल कराने का आग्रह किया गया है. साथ ही सभी साक्ष्यों की फिर से समीक्षा करने की मांग की गई है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही