Ranchi : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पंचवर्षीय चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान निर्धारित समय से शुरू हो गया. इस चुनाव में कुल 23 पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं.
मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. बड़ी संख्या में वोटर (अधिवक्ता) मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं और कतार में लगकर पहचान पत्र दिखाने के बाद अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.
मुख्य चुनाव पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ ने लगातार डॉट इन से बात करते हुए बताया कि मतदान की प्रक्रिया पूरे राज्य में सुचारू रूप से चल रही है. पोलिंग ऑफिसर और पर्यवेक्षक चुनाव संपन्न कराने में लगे हैं. मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा.

झारखंड हाईकोर्ट में बनाए गए हैं 10 बूथ
चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं. झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव के लिए राज्य भर में 75 बूथ बनाए गए हैं, जहां 75 पोलिंग ऑफिसर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न करने में लगे हैं.
वहीं 37 बार एसोसिएशन में भी मतदान की प्रक्रिया चल रही है. हर बार एसोसिएशन में एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है, जो चुनाव की निगरानी कर रहे हैं.
जबकि झारखंड हाईकोर्ट में कुल 10 बूथ बनाए गए हैं, जहां 45 स्क्रीन एरिया में मतदान कराया जा रहा है. झारखंड हाईकोर्ट में नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक व वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार कश्यप के निर्देश पर पोलिंग ऑफिसर चुनाव कार्य संपन्न करा रहे हैं.


रांची सिविल कोर्ट की तस्वीर
रांची सिविल कोर्ट में अधिवक्ताओं की है भीड़
इधर रांची सिविल कोर्ट परिसर में 8 बूथ बनाए गए हैं, जहां 34 स्क्रीन एरिया में वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. अधिवक्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह जोरों पर है. रांची सिविल कोर्ट में वोट देने के लिए अधिवक्ता सुबह 9:30 बजे ही पहुंच चुके थे.
हाईकोर्ट और राज्य सिविल कोर्ट में मतदान के लिए जाने वाले वोटरों को रिझाने के लिए प्रत्याशी उन्हें अपना क्रमांक नंबर का कार्ड दे रहे हैं और उनसे अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं. मतदान स्थल के बाहर अधिवक्ता ग्रुप में जमा होकर चुनावी चर्चा में मशगुल है.

चुनाव में कुल 100 प्रत्याशी मैदान में
बता दें कि इस चुनाव में कुल 100 प्रत्याशी मैदान में हैं. बार काउंसिल के 25 पदों में से 23 पदों के लिए मतदान हो रहा है, जिनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्य चुने जाएंगे. जबकि दो पद नामांकन के आधार पर भरे जाएंगे.
इस बार के चुनाव में पहली बार महिला अधिवक्ताओं के लिए 7 सीटें आरक्षित की गई हैं. चुनाव में झारखंड के कुल 25,001 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment