- कौनेन कुरैशी की तूफानी बल्लेबाजी
Ranchi : झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 में शनिवार को खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने धनबाद डायमंड्स को डीएलएस (डकवर्थ-लुईस-स्टर्न) पद्धति के तहत 31 रनों से करारी शिकस्त दी. रांची के जेएससीए (JSCA) इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मैच में जमशेदपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.
डीएलएस मेथड के तहत धनबाद डायमंड्स को जीत के लिए 185 रन चाहिए थे. जवाब में रनों का पीछा करने उतरी धनबाद डायमंड्स की टीम ने जब 16 ओवरों में 8 विकेट खोकर 153 रन ही बनाए. जमशेदपुर स्टीलर्स को 31 रनों से विजेता घोषित कर दिया गया.
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की शुरुआत काफी आक्रामक रही. सलामी बल्लेबाज कुमार करण ने महज 14 गेंदों में 2 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 30 रनों की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान कुमार देवब्रत ने 27 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 31 रन बनाए. मध्यक्रम में रवि शर्मा ने 20 गेंदों में 29 रन और नितिन कुमार पांडे ने 21 गेंदों में 34 रनों का उपयोगी योगदान दिया.
इसके बाद क्रीज पर आए मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने धनबाद के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई. कुरैशी ने महज 31 गेंदों में 6 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 68 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम के स्कोर को 220 तक पहुंचाया. धनबाद डायमंड्स की तरफ से शमशाद अहमद ने 4 ओवर में 48 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि सुशांत मिश्रा और मीत जैन को 1-1 सफलता मिली.
संशोधित लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनबाद डायमंड्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम लगातार अंतराल पर अपने विकेट गंवाती रही. सलामी बल्लेबाज विकास कुमार विशाल ने 6 गेंदों में 19 रनों की तेज शुरुआत जरूर की लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल सके.
मध्यक्रम में अतुल सिंह सुरवार ने अकेले संघर्ष करते हुए 21 गेंदों में 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 43 रनों की तेज पारी खेली, जबकि बिनीश दत्ता ने 16 गेंदों में 20 रन और आर्यमन सेन ने 18 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया, लेकिन यह प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुआ और टीम 16 ओवरों में 153 रनों पर ही सिमट गई.
जमशेदपुर स्टीलर्स के लिए प्रतीक रंजन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए अपने कोटे में सिर्फ 17 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं अमन कुमार सिंह को भी 2 सफलताएं मिलीं. इसके अलावा हर्ष राणा, ऋतिक अनंत और अनुराग सिंह सेंगर ने भी 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment