Search

आयुष्मान भारत में झारखंड अव्वल, रांची सदर अस्पताल बना राष्ट्रीय रोल मॉडल

Ranchi : आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत झारखंड ने देशभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है. पुणे में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के चिंतन शिविर में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने राज्य को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया. यह सम्मान गुणवत्तापूर्ण दावों के निष्पादन, पारदर्शिता और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए दिया गया. इससे साफ है कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हुआ है.

 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह सफलता लगातार मेहनत, प्रतिबद्धता और टीमवर्क का नतीजा है. उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा किया गया है और आगे भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का प्रयास जारी रहेगा. मंत्री ने रांची सदर अस्पताल की विशेष सराहना की. उन्होंने कहा कि यह अस्पताल आयुष्मान भारत योजना के तहत देश में नंबर वन बनकर उभरा है और एक रोल मॉडल के रूप में सामने आया है. यह पूरे राज्य के स्वास्थ्य तंत्र की सामूहिक उपलब्धि है.

Uploaded Image

 

उन्होंने कहा कि व्यवस्था में बदलाव का जो संकल्प लिया गया था, आज उसका परिणाम सामने है. यह सम्मान उसी दिशा में किए गए काम का नतीजा है. 17 और 18 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की टीम ने हिस्सा लिया. इसमें छवि रंजन, सीमा सिंह, वैभव राय, डॉ. अखिलेश कुमार झा और आशीष रंजन शामिल रहे. टीम ने रांची सदर अस्पताल के काम को देशभर के प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किया. 

 

राज्य को मिला यह सम्मान न केवल झारखंड के लिए गौरव की बात है, बल्कि इससे स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों का मनोबल भी बढ़ेगा. यह उपलब्धि दिखाती है कि झारखंड स्वास्थ्य सेवाओं में नए मानक स्थापित कर रहा है. स्वास्थ्य मंत्री ने पूरी टीम को बधाई दी और भरोसा जताया कि राज्य आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करता रहेगा और अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बनेगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//